शनिवार, 20 जनवरी 2018

गोरे रंग पे न इतना ग़ुमान कर


आजकल टीवी में एक नई क्रीम का एड रहा है। जिसमें लड़कियों को गोरा नहीं बल्कि प्रिटी बनाने पर ज़ोर दिया जाता है। इस एड में गोरी, सांवली, गेहुंई काले कॉम्प्लेक्शन की लड़कियों को दिखाया जा रहा है जिन्हें अपने ओरिजनल कॉम्प्लेक्शन पर गर्व है। यह क्रीम मार्केट में बिकेगी या नहीं ये तो समय बताएगा। लेकिन यह एड एक सीधा कटाक्ष है, उन फेयरनेस क्रीम की कंपनियों पर जो चीख-चीख कर लड़कियों को सिर्फ हफ्ते दो हफ्ते में गोरा बनाने का ढिंढोरा पीटती हैं।

दरअसल गलती इन कंपनियों की नहीं बल्कि गोरेपन के पीछे पागल हो चुकी उस भारतीय मानसिकता का है, जो लड़कों को तो हर रूप में अपना लेगी लेकिन लड़की उन्हें गोरी ही चाहिए, एकदम दूध से धुली हुई। यकीन नहीं होता तो किसी भी अखबार का मैट्रीमोनियल पेज खोल कर देख लीजिए। सभी को घरेलू, सुशील और गोरीबहु चाहिए। अपना लड़का चाहे उल्टा तवा हो पर बहू तो गोरी ही घर आनी चाहिए।

हमारा बॉलीवुड भी इस गोरेपन के पीछे कुछ कम ऑब्सेस्ड नहीं है। सबको सिल्वर स्क्रीन पर गोरी हिरोइन ही देखनी है। यहां तक की रेखा, काजोल, शिल्पा शेट्टी और प्रियंका चोपड़ा जैसी डार्क कॉम्प्लेक्शन की हिरोइनों ने भी वक्त के साथ स्किन लाइटनिंग ट्रीटमेंट कराकर अपने रंग को बदल लिया। जो हिरोइनें इससे चूक गई उन्हें गोरे रंग के पीछे भागने वाले बॉलीवुड के दीवानों ने ज़्यादा दिन तक इंडस्ट्री में टिकने नहीं दिया। भले ही उनकी एक्टिंग अव्वल दर्जे की ही क्यों हो। इस लिस्ट में नंदिता दास, कोंकणा सेन शर्मा, मुग्धा गोड्से जैसे नाम सबसे ऊपर आते हैं। हाल ही में, बिग बॉस में भी शिल्पा शिंदे घर की सांवली लड़कियों के ऊपर कटाक्ष करते दिखाई दीं थीं।

गोरेपन को लेकर लोगों के इसी ऑब्सेशन और पागलपन का फायदा उठाती हैं फेयरक्रीम बेचने वाली कंपनियां। जो पहले से ही झक गोरी हिरोइन को अपने एड में लेकर गोरेपन की ज़रूरत को बेचती हैं। वे लड़कियों के दिमाग में ये बात बैठा देती हैं कि जब वो गोरी होंगी तभी उन्हें कोई पसंद करेगा जबकि सच्चाई इससे अलग ही होती है।

क्या आपने कभी बिपाशा बसु, कोंकणा सेन शर्मा या फिर अन्य डार्क कॉम्प्लेक्शन की हिरोइनों को फेयरनेस क्रीम का एड करते हुए देखा है। यहीं नहीं टीवी पर दिनभर टपकने वाले इन एड्स में लड़कियों को तभी सक्सेसफुल दिखाते हैं जब वो गोरी होती हैं। यानी गोरा रंग नहीं तो सक्सेज़ नहीं। टैलेंट जाए भाड़ में, उसे कौन पूछता है।

आप किसी भी ऑफिस के इंवेट में जाइए, चुन-चुन कर ऑफिस की गोरी-चिट्टी लड़कियों को इंवेट का महत्वपूर्ण हिस्सा बना दिया जाता है। उनका वहां कोई काम भले ही हो पर भाई, लोगों को तो ग्लैमर ही चाहिए और ग्लैमर लाती हैं यहीं गोरी लड़कियां।

ऐसा नहीं हैं कि गोरापन या गोरी लड़कियां बुरी होती हैं। मगर उनके आगे बाकी कॉम्प्लेक्शन की लड़कियों को इग्नोर करना एक हद तक सही नहीं है। हर रंग का सम्मान होना चाहिए। क्योंकि सुंदरता सिर्फ गोरेपन तक ही सीमित नहीं होती। सुंदरता के मायने हर किसी की नज़र में अलग- अलग होते हैं। किसी के लिए तन सुंदर होना मायने रखता है तो किसी के लिए मन की सुंदरता ज़्यादा महत्वपूर्ण होती है। हम जैसे हैं हमें उसी में खुश रहना चाहिए। ठीक उस नई क्रीम के एड की तरह, हर लड़की को अपने कॉम्प्लेक्शन पर गर्व होना चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें